छत्तीसगढ़

दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता विनोद तिवारी को हिरासत में लिया

Delhi Police detains Congress leader Vinod Tiwari

रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के कौशांबी से छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। विनोद तिवारी एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने कौशांबी पहुंचे थे, जहां दिल्ली पुलिस की टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार, विनोद तिवारी ने बीते 3 फरवरी को अपने सोशल मीडिया हैंडल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक विवादित पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट को लेकर दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद कार्रवाई की गई है।

विनोद तिवारी की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है।

पार्टी का कहना है कि, एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट को आधार बनाकर किसी नेता को दूसरे राज्य से गिरफ्तार करना तानाशाही है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि, “बीजेपी सच से डरती है। वैचारिक लड़ाई को पुलिस के दम पर लड़ना कायरता है।”

विनोद तिवारी छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता है। पीसीसी (PCC) में संयुक्त महामंत्री के पद पर हैं। उनकी गिरफ्तारी को कांग्रेस आगामी चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश बता रही है। फिलहाल, दिल्ली पुलिस तिवारी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दिल्ली रवाना हो गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

Back to top button