अब दिल्ली दूर नहीं — आज रीवा से यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा ATR-72 विमान

Delhi is no longer far away – ATR-72 aircraft will fly from Rewa to Delhi today with passengers.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे हवाई सेवा का शुभारंभ, रीवा-नई दिल्ली के बीच नियमित उड़ान का शुभारंभ आज से

रीवा। विंध्यवासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। अब “दिल्ली दूर नहीं” — क्योंकि आज सोमवार से रीवा और नई दिल्ली के बीच नियमित हवाई सेवा की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रीवा एयरपोर्ट से एलायंस इंडिया के 72 सीटर विमान ATR-72 की उड़ान का शुभारंभ करेंगे।

 

दोपहर 12:05 बजे पहली उड़ान

रीवा एयरपोर्ट पर सुबह 10 बजे से भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 12:05 बजे ATR-72 विमान को हरी झंडी दिखाएंगे, जिसके बाद विमान यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद रीवा जनार्दन मिश्र, सांसद सतना गणेश सिंह, सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

 

रीवा एयरपोर्ट का गौरवशाली सफर

रीवा एयरपोर्ट का शिलान्यास 15 फरवरी 2023 को तत्कालीन केन्द्रीय विमानन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था।

हवाई पट्टी की 65 एकड़ भूमि के साथ 258 एकड़ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण कर भारतीय विमानपतन प्राधिकरण (AAI) द्वारा एयरपोर्ट का निर्माण कराया गया।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 20 अक्टूबर 2024 को वर्चुअली रीवा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इसी दिन से रीवा-जबलपुर, भोपाल, खजुराहो और सिंगरौली के लिए 17 सीटर हवाई सेवा प्रारंभ हुई थी।

 

बीते दिनों हुआ था सफल ट्रायल

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रयासों से 28 अक्टूबर को ATR-72 विमान का रीवा एयरपोर्ट पर सफल परीक्षण किया गया। इस ऐतिहासिक ट्रायल को उड़ाने का सौभाग्य रीवा के लाल राघव मिश्रा को प्राप्त हुआ था। परीक्षण सफल रहने के बाद एलायंस एयर ने नियमित उड़ान की अनुमति दी, जिससे रीवा से दिल्ली के बीच हवाई संपर्क का रास्ता खुल गया।

 

विन्ध्य के लिए ऐतिहासिक दिन: डिप्टी सीएम

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा — “विन्ध्य क्षेत्र के लिए 10 नवम्बर का दिन ऐतिहासिक है। नियमित हवाई सेवा से शिक्षा, कला, संस्कृति, उद्योग, स्वास्थ्य और पर्यटन को नई गति मिलेगी। रीवा के आसपास के जलप्रपात, भव्य मंदिर और नेशनल पार्क अब देशी-विदेशी पर्यटकों की आसान पहुंच में होंगे। रीवा उत्तर-मध्य भारत का प्रमुख हवाई केंद्र बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।

 

व्यापार को मिलेगा बढ़ावा, बढ़ेगा रोजगार

शुक्ल ने आगे कहा — “72 सीटर विमान के संचालन से व्यापारियों में उत्साह है। पहले दिल्ली या इंदौर से व्यापारिक संपर्क के लिए लोगों को प्रयागराज या बनारस जाना पड़ता था। अब रीवा से सीधी फ्लाइट मिलने से व्यापार को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यह सेवा न केवल यात्रियों का समय बचाएगी, बल्कि विकास को भी पंख देगी।

Exit mobile version