हमर प्रदेश/राजनीति

समर्थन मूल्य पर 20 क्विंटल धान प्रति एकड़ खरीदी का निर्णय: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

0 मुख्यमंत्री जांजगीर-चांपा जिला साहू संघ के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में हुए शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को जांजगीर चांपा जिले के ब्रम्हनडीह विकासखंड के ग्राम बिर्रा के दशहरा मैदान में आयोजित जिला साहू संघ के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी, भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना की तथा समाज के पूर्वजों को श्रद्धासुमन अर्पित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। श्री बघेल ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए ग्राम पंचायत बिर्रा एवं बम्हनीडीह को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत बिर्रा में ही नवीन स्वामी आत्मानंन्द इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने, नवीन सामुदायिक भवन बनाने, बिजली विभाग का जूनियर इंजीनियर कार्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की है। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री ने हसदेव नदी पर बम्हनीडीह से दहिदा सड़क पल निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की।

श्री बघेल ने कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। इसके लिए हमने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, भूमिहीन मजदूरों सहित तमाम वर्गों के लिए जनहित में अनेक योजनाएं बनाई है। राज्य के 26 लाख किसान राजीव गांधी किसान न्याय योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। हमने धान की बम्पर पैदावार को देखते हुए इस वर्ष प्रति एकड़ 15 क्विंटल को बढ़ाकर 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी का निर्णय लिया है।

हमारी सरकार शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। स्कूल जतन योजना के माध्यम से स्कूलों का रंग रोगन किया जा रहा है। इसके लिए 1000 करोड़ रूपए खर्च किया जा रहा है। आज कांकेर में प्रदेश का पहला स्वामी आत्मानंन्द इंग्लिश मीडियम कॉलेज प्रारंभ किया गया है। राज्य सरकार द्वारा बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ के विभिन्न समाजों को सामाजिक भवनों के लिए किफायती दर में जमीन उपलब्ध करायी गई है। इसके साथ ही साथ विभिन्न समाजों को सामाजिक भवनों के निर्माण के लिए सहायता भी दी जा रही है। जिसका यह सुखद परिणाम है कि आज राज्य के अनेक समाजों के पास जमीन एवं भवन उपलब्ध है। इस भवन का उपयोग सभी नागरिक विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में कर रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास मंहत ने सामाजिक प्रेम, एकता, सौहार्द्र-पूर्ण व्यवहार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि समय एवं अवसर का उपयोग हमेशा करना चाहिए। आज पदाधिकारियों को समाज की सेवा करने का अवसर मिला है। इसका उपयोग सामाजिक संगठन को मजबूत करने में करें। उन्होंने समाज में फैली बुराईयों, रूढ़िवादी परंपराओं, कुरीतियों को समाप्त करने और सामाजिक समरसता स्थापित करते हुए नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। समारोह की अध्यक्षता साहू समाज के प्रदेशाध्यक्ष टहल राम साहू ने की।

itehelka

Tehelka Ind, the leading news channel in India, is dedicated to delivering the latest and most accurate news to its viewers. With a team of experienced journalists and reporters, Tehelka Ind covers all aspects of news, from politics and business to entertainment and sports. Our commitment to impartiality and accuracy has made us a trusted source of news for millions of viewers across the country.

Related Articles

Back to top button