खेत में दो लोगों की मिली लाश, फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

धमतरी। जिले के बिरेझर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक ग्राम के खेत में आज महिला और पुरुष की लाश मिली है। इसके चलते गांव समेत आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कठोली में ग्रामवासी खेत की ओर गए थे। इस दौरान ग्रामवासियों ने महिला और पुरुष की लाश को मृत हालात में देखा। इसके बाद लाश देखने की सूचना गांव के कोटवार को दी। कोटवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर शांति स्वरूप साहू और ग्राम कठौली की रहने वाली महिला अंसु बाई साहू की लाश मिली। उसके पास से कीटनाशक दवाई का डिब्बा भी पाया गया है। साथ ही एक पानी बोतल भी मिला है। जिसके चलते यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहर सेवन कर ख़ुदकुशी की है। पुलिस ने शवों का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


