37 लाख की ठगी का खुलासा, राजनांदगांव में साइबर फर्जीवाड़ा; आरोपी गिरफ्तार
Cyber fraud of Rs 37 lakh exposed in Rajnandgaon; accused arrested

राजनांदगांव। पुराने नोट और सिक्कों के बदले लाखों रुपये दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह (CG Cyber Fraud) का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छुईखदान थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड मोहम्मद जाहिर को हरियाणा के मेवात से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी इंटरनेट मीडिया के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाता था और उन्हें पुराने नोटों के बदले भारी रकम दिलाने का लालच देता था।
मामले में खुलासा हुआ कि आरोपी पांच रुपये के पुराने नोट के बदले 37 लाख रुपये दिलाने का झांसा देता था। इसी लालच में पद्मवतीपुर निवासी नेताराम देवांगन उसके संपर्क में आए।
आरोपी ने प्रोसेसिंग फीस, कस्टम चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर उनसे अलग-अलग बैंक खातों में करीब 11 लाख 70 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ठगी को अंजाम देने के लिए फर्जी सिम कार्ड और अन्य लोगों के बैंक खातों का उपयोग करता था। इतना ही नहीं, वह पीड़ितों पर दबाव और डर बनाकर उनसे पैसे ऐंठता था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से नौ मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड और चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और सोशल मीडिया अकाउंट्स खंगाले जा रहे हैं, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके। इसके अलावा जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए, उनके खाताधारकों और लेनदेन की भी जांच की जा रही है।



