असामयिक वर्षा से फसल क्षति: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 858 सूचनाएं प्राप्त, 747 आवेदन स्वीकृत, संयुक्त सर्वे जारी

Crop damage due to unseasonal rain: 858 notifications received under the Pradhan Mantri Fasal Bima Yojana, 747 applications approved, and a joint survey is underway.

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी)अर्नव चक्रवात के प्रभाव से जिले में 28 से 30 अक्टूबर 2026 तक हुई असामयिक वर्षा के कारण कुछ क्षेत्रों में धान की फसल प्रभावित हुई है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा किसानों को समय पर मौसम परिवर्तन की जानकारी दी गई थी तथा वर्षा के पश्चात प्रभावित किसानों के प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत आवेदन दर्ज कराए गए।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि जिला प्रशासन प्रभावित किसानों के सहयोग के लिए तत्पर है तथा पात्र किसानों को योजना के प्रावधानों के अनुरूप लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फसल क्षति का आंकलन समय-सीमा में एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने फसल क्षति से प्रभावित किसानों से किसान रक्षक टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दर्ज कराने की अपील की है।

बीमा कंपनी एचडीएफसी एर्गो से प्राप्त 02 नवंबर 2026 की स्थिति के अनुसार जिले से कुल 858 सूचनाएं (इंटिमेशन) प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 747 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इनमें स्थानीयकृत आपदा के अंतर्गत प्राप्त 299 में से 202 तथा फसल कटाई उपरांत क्षति के अंतर्गत प्राप्त 559 में से 545 आवेदन स्वीकृत हुए हैं। शेष 111 आवेदन राज्य शासन की अधिसूचना के प्रावधानों के अनुसार आपदा का योजना में आच्छादित न होने, विलंब से सूचना अथवा दोहरी सूचना के कारण अस्वीकृत किए गए हैं।

कृषि विभाग के मैदानी अमले एवं बीमा कंपनी द्वारा योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार संयुक्त सर्वे किया जा रहा है, जिसके आधार पर क्षतिपूर्ति की आगामी कार्यवाही की जाएगी।

Exit mobile version