छत्तीसगढ़
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कसा शिकंजा, 9 वाहन चालक पकड़ाए
Crackdown on drunk drivers, 9 drivers arrested

जांजगीर-चांपा। नवरात्रि पर्व में भीड़भाड़ और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता पर लिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम जांजगीर और नैला क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर 9 शराबी वाहन चालकों को पकड़ा। यातायात पुलिस ने बताया कि पकड़े गए चालकों के वाहनों को जब्त कर उनके खिलाफ धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। इतना ही नहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है। जांजगीर-चांपा पुलिस का मानना है कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजह शराब सेवन कर वाहन चलाना है। इसी को रोकने के लिए यातायात पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि लापरवाह और नियम तोड़ने वाले चालकों पर अब किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी।
दुर्गा पंडाल व मेला परिसर में विशेष नजर
नैला मां दुर्गा पंडाल और मेला परिसर में भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने और नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। कई वाहन चालकों से समन शुल्क भी वसूला गया। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की चेकिंग पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान लगातार जारी रहेगी।


