कांग्रेस युवा विंग पर कार्रवाई: रायपुर में CM हाउस प्रदर्शन के बाद FIR दर्ज
Crackdown on Congress youth wing: FIR filed after protest at CM House in Raipur

रायपुर। रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेराव के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली थाने में 700 से 1000 अज्ञात एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस बल पर हमला कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की।
पुलिस पर पथराव और बैरिकेड्स तोड़ने का आरोप
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला किया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई और बलवा जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी।
कई पुलिसकर्मी हुए घायल
घटना में घायल पुलिसकर्मियों में मोहन ध्रुव, माडवी बुधरा, रमेश कुडियाम, जैनेन्द्र कुमार नाग, भोलेन्द्र ठाकुर, सोमा मडकाम, रामसिंह कवाची, उंदाम राजू, अनिल भारती और सोयम मुकेश शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार कराया गया है।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ शासकीय कर्मचारी पर हमला, शासकीय कार्य में बाधा, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस वीडियो फुटेज व सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
वीडियो फुटेज से होगी पहचान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोगों के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि उपद्रव में शामिल लोगों को चिन्हित कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



