भ्रष्टाचार के मुद्दों को गीतों और वीडियो के जरिए भुनाया जा रहा
Corruption issues are being exploited through songs and videos.

रायपुर। राज्य की राजनीति में इस बार होली के उल्लास के साथ-साथ तंज और आरोपों के रंग भी गहरे नजर आ रहे हैं। त्योहार के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच इंटरनेट मीडिया पर डिजिटल युद्ध छिड़ गया है, जहां भ्रष्टाचार के मुद्दों को गीतों और वीडियो के जरिए भुनाया जा रहा है।
दे दे बुलउवा मुसवा को सांय-सांय..
विवाद तब शुरू हुआ जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पिछले दिनों विधानसभा भवन में फागगीत की तर्ज पर दे दे बुलउवा मुसवा को सांय-सांय, मुसवा बिन घोटाला नई होय…। गीत प्रस्तुत किया। यह तंज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर था और कवर्धा में चूहों द्वारा सात करोड़ रुपये का धान खराब किए जाने के आरोप की ओर इशारा कर रहा था।
शराब घोटाला करइया, कोयला घोटाला करइया
जैसे ही बघेल ने फाग की धुन छेड़ी परिसर ठहाकों से गूंज उठा। इसके बाद भाजपा की तरफ से जवाब उसी लोकधुन और अंदाज में दिया गया। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने गीत गाया था कि पकड़ागे, धरागे, मुसवा मन रे। पकड़ागे, पकड़ागे, मुसवा मन रे।
शराब घोटाला करइया, कोयला घोटाला करइया, कौनों जेल में हे भइया, कौनों बेल में हे भइया, कौनों जिलाबदर। काबर के आगे विष्णु के सुशासन ईहां रे। पकड़ागे, पकड़ागे, मुसवा मन रे।
इसका अर्थ है कि सभी चूहा लोग पकड़ा गए हैं। शराब घोटाला करने वाले, कोयला घोटाला करने वाले कोई जेल में है तो कोई बेल पर हैं। कोई जिलाबदर है, क्योंकि छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय का सुशासन आ गया है।
वीडियो, कार्टून और चित्र प्रसारित करके वार-पलटवार तेज
यह विवाद यहीं तक नहीं थमा अब भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों के नेता एक-दूसरे के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर वीडियो, कार्टून और चित्र प्रसारित करके वार-पलटवार तेज कर दिया है। भाजपा ने एक्स पर एक कार्टून साझा किया है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लबरा (झूठा) कहकर संबोधित किया गया है और उन्हें कथित घोटालों का सरगना बताया गया है।
वीडियो में राहुल गांधी और सौम्या चौरसिया का भी उल्लेख
वीडियो में राहुल गांधी और पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया का भी उल्लेख है। इसके अलावा भाजपा विधायक और लोक कलाकार अनुज शर्मा ने भी एक गीत जारी किया है, जिसके बोल हैं। जरगे कांग्रेसिया मन के जान रे… विष्णु देव सरकार ले, जिसमें सरकार के सांय-सांय विकास और भ्रष्टाचार पर लगाम का दावा किया गया है।
कांग्रेस का मुसवा तंज और धान घोटाला
भूपेश बघेल के बाद अब कांग्रेस ने कवर्धा के कथित सात करोड़ रुपये के धान घोटाले को मुद्दा बनाया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर समेत अन्य कांग्रेसी नेताओं ने एक अन्य फाग गीत जारी किया है, जिसकी पंक्तियां हैं कि दे दे बुलउवा मुसवा को सांय-सांय, मुसवा बिन घोटाला नई होय।
दरअसल, कवर्धा के दो केंद्रों में करीब 26 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई थी, जिस पर जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) अभिषेक मिश्रा ने अजीबोगरीब बयान दिया था कि धान चूहों या दीमकों ने खाया हो सकता है। हालांकि, शासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए अभिषेक मिश्रा को निलंबित कर दिया है।



