मध्यप्रदेश

महाकुंभ से वायरल हुई मोनालिसा भोंसले की शादी पर विवाद, निर्देशक सनोज मिश्रा ने उठाए सवाल

Controversy over Monalisa Bhosle's marriage goes viral after Mahakumbh, director Sanoj Mishra raises questions

खरगोन। महाकुंभ के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल होकर चर्चा में आईं मोनालिसा भोंसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका अपने प्रेमी फरमान खान से विवाह है, जिसे लेकर विवाद गहराता जा रहा है। फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “लव जिहाद” का मामला बताया है।

केरल में पुलिस सुरक्षा के बीच हुई शादी

जानकारी के अनुसार अभिनेत्री बनने की दिशा में कदम बढ़ा रही मोनालिसा भोंसले अपने प्रेमी फरमान खान के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित थम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचीं और सुरक्षा की मांग की। इसके बाद दोनों ने एक मंदिर में विवाह कर लिया।

बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। समय के साथ यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।

निर्देशक सनोज मिश्रा की प्रतिक्रिया

फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि उन्होंने मोनालिसा के करियर को आगे बढ़ाने के लिए काफी मेहनत की थी। उनका कहना है कि महाकुंभ के दौरान वायरल हुए वीडियो को देखकर वे मोनालिसा की सादगी और व्यक्तित्व से प्रभावित हुए थे और उन्होंने उसे अपनी फिल्म में अभिनेत्री के रूप में लेने का फैसला किया।

मिश्रा के मुताबिक उस समय उनके इस निर्णय का व्यापक स्वागत हुआ था। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आया और उन पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें जेल भेज दिया गया।

फिल्म के लिए किया संघर्ष

मिश्रा ने दावा किया कि जेल में रहते हुए भी उन्होंने अपनी फिल्म की कहानी लिखी और बाद में उसे पूरा किया। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ को पूरा करने के लिए उन्होंने आर्थिक जोखिम उठाया और कर्ज तक लेना पड़ा।

उनका कहना है कि मोनालिसा के करियर को संवारने के लिए उन्होंने काफी समय और संसाधन लगाए, लेकिन हाल की घटनाओं ने उन्हें मानसिक रूप से आहत किया है।

मोनालिसा की पृष्ठभूमि

मोनालिसा भोंसले मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 में रहने वाली हैं। वे पारदी समुदाय से संबंध रखती हैं, जिसका पारंपरिक पेशा घूम-घूमकर रुद्राक्ष और पत्थरों की मालाएं बेचना रहा है।

प्रयागराज के महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते समय उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद वे इंटरनेट सेंसेशन बन गईं और फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में मुख्य अभिनेत्री के रूप में साइन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button