रीवा @ सुभाष मिश्रा। देश प्रदेश में महंगाई के खिलाफ रीवा जिले में महिला कांग्रेस ने हल्ला बोल प्रदर्शन किया है। सब्जी मंडी में पहुंचकर महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने टमाटर बेचकर विरोध जताया है। कहा है कि यदि मोदी जी और शिवराज जी, यही अच्छे दिन है तो नहीं चाहिए। महंगाई से त्रस्त आम जनता को राहत दिलाने के लिए महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन सब्जी मंडी में चर्चा का विषय रहा।महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पाण्डेय ने कहा कि सब्जियों के दाम आसमान छू रहे है। आम जनता की थाली से सब्जी दूर हो गई है। गरीब तो सब्जी की सोच ही नहीं रहा है। टमाटर के दाम 200 के आसपास हैं। प्रदर्शन के समय जिलाध्यक्ष सीमा सिंह जरहा, उत्पीड़न प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष प्रभा सोहगौरा, जिला सचिव देवती वर्मा एक दर्जन महिलाएं सब्जी मंडी में उपस्थित रही है।
महिला पदाधिकारियों ने कहा कि डबल इंजन वाली सरकार महंगाई कम करने में अक्षम साबित हो रही है। इस बार 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को उखाड़ फेंकने का काम करेंगी। इतिहास में पहली बार टमाटर के भाव सांतवें आसपान में है। केन्द्र व राज्य सरकार इसको रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। ऐसे में महिला कांग्रेस घर घर जाकर विरोध कर रही है।
