मध्यप्रदेश

जवा की 14 जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का तहसील घेराव

Congress sieges tehsil over 14 public problems in Jawa

रीवा मप्र | रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

गांधी चबूतरे से निकाली पदयात्रा, तहसील पहुंचकर धरना-प्रदर्शन; कलेक्टर के नाम सौंपा 14 सूत्रीय ज्ञापन

जवा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर गांधी चबूतरे से पदयात्रा निकालकर तहसील कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जवा बाजार होते हुए तहसील परिसर पहुंचे, जहां धरना-प्रदर्शन के बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी एवं तहसीलदार जवा के माध्यम से कलेक्टर रीवा के नाम 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रशासनिक व्यवस्था, सड़क, बिजली, अतिक्रमण, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसडीएम कार्यालय जवा में अधिकारी और कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं रहते, जिससे आम नागरिकों के कार्य प्रभावित होते हैं। इसके साथ ही जवा में न्यायिक न्यायालय, ट्रेजरी कार्यालय एवं रजिस्ट्रार कार्यालय की स्थापना, नगर पंचायत जवा की अधिसूचना जारी करने और मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी की गई।

ज्ञापन में शासकीय संस्थानों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने, सरकारी आम रास्तों से अतिक्रमण हटाने, मनमाने बिजली बिलों की जांच कर राहत देने, अवैध विद्युत कटौती बंद कराने तथा आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग भी शामिल है।

कांग्रेस ने सिंचाई विभाग द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच, महाना नदी के पुल की मरम्मत, ग्राम नगवा में नाली निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण, दुर्गानाथ मार्ग पर कुशहा नदी के रपटे की मरम्मत, धुमन से सुतनापुर तक स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने तथा चमगाढ़ आदिवासी बस्ती तक सड़क निर्माण कराने की मांग भी उठाई।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि क्षेत्र की जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। वहीं प्रशासन से सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत देने की अपील की गई।

 

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजमणि पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र मिश्रा, विद्यावती पटेल, शीला त्यागी, रामगरीब वनवासी, कांग्रेस नेत्री अरुणा तिवारी, कांग्रेस नेता प्रदीप सिंह पटना, रमेश पटेल, गिरीश सिंह, चक्रधर सिंह, बृजेंद्र पाण्डेय, शिवबालक पाण्डेय, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अरुण सिंह ‘पिंटू’, धनेन्द्र द्विवेदी, डभौरा ब्लॉक अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह ‘बड़कऊ’, जवा ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश्वर सिंह, तरुणेंद्र द्विवेदी, धनेन्द्र पांडेय, नत्थू, लाखन सिंह, भास्कर सिंह, मोनू, भूपेंद्र सिंह, कादिर खान, किशोर तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button