बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) बलरामपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव के नेतृत्व में ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंह देव की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने स्थानीय पेट्रोल पंप पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आम जनता की समस्याओं को लेकर विरोध जताया।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में लगातार पेट्रोल, डीजल और खाद्य सामग्रियों की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर परिवहन, व्यापार और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा परेशान है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। खाद्य वस्तुओं से लेकर यातायात तक सभी क्षेत्रों में महंगाई बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने और महंगाई पर नियंत्रण लगाने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन जिला मुख्यालय बलरामपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव, ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंह देव, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास (छोटू बंगाली), रिपुजित सिंह देव, जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, संजीव गुप्ता, विश्वजीत सिंह देव, नवीन गुप्ता, बुद्धदेव पोया, अरुण दास, महमूद अंसारी, इंतखाब अंसारी, बबलू रजक, विवेक सिंह, अवधेश यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
