छत्तीसगढ़
बलरामपुर में उत्साहपूर्वक मनाया गया कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस
Congress Party's foundation day was celebrated with enthusiasm in Balrampur.

बलरामपुर जिले में जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में राजीव भवन परिसर में कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव द्वारा पार्टी ध्वज फहराकर की गई। इसके बाद राष्ट्रगान एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को याद करते हुए संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को देश को आज़ादी दिलाने, लोकतंत्र की नींव मजबूत करने और सामाजिक समानता के उद्देश्य से हुई थी। कांग्रेस पार्टी ने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और आज़ादी के बाद देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक ढांचा प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि संविधान, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय, गरीब-किसान, मजदूर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस पार्टी की मूल विचारधारा रही है। आज भी कांग्रेस पार्टी इन्हीं मूल्यों के साथ देश के विकास, भाईचारे और एकता के लिए संघर्ष कर रही है।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र और संविधान को बचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं पर है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पार्टी के इतिहास, उपलब्धियों और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगोष्ठी में वक्ताओं ने पार्टी की नीतियों और जनहितकारी योजनाओं को लेकर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर जिला, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।



