रायपुर। रायपुर में कांग्रेस ने शुक्रवार को पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में राजीव गांधी चौक पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उनका कहना था कि राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने और कांग्रेस नेताओं को प्रताड़ित करने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि विपक्ष के नेताओं को टारगेट बनाकर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग भाजपा कर रही है। यह हिटलरशाही नहीं चलेगी। भाजपा दबाव की राजनीति कर रही है। कांग्रेस डरने वालों में से नहीं है। कांग्रेस पहले अंग्रेजों से लड़ी थी, अब भाजपा के हिटलरशाही सरकार से लड़ रहे हैं।
रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी का किया विरोध
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। इसी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।
दीपक बैज के निर्देश पर हुआ प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने इस विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जांच एजेंसियों का निष्पक्ष उपयोग होना चाहिए, न कि राजनीतिक प्रतिशोध के लिए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी कार्रवाई जारी रही तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन और तेज किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
प्रदर्शन को देखते हुए राजीव गांधी चौक और आसपास के इलाके में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी गिरफ्तारी विरोधी मुहिम जारी रखने की बात कही।
