हमर प्रदेश/राजनीति

नौकरी देने का वादा करके सत्ता में आए, कांग्रेसी सरकार संविदा कर्मचारियों को नोटिस देने लगी – भाजपा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के ने प्रदेश सरकार पर संविदा, अनियमित और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को नियमित ना करने पर कहा कि नौकरी देने का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस अब नोटिस देने लगी है। श्री म्हस्के ने एस्मा लागू कर हड़ताली कर्मचारियों पर कार्रवाई करने को अन्यायपूर्ण बताया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री म्हस्के ने कहा कि सरकार ने इन कर्मचारियों में फूट डालने के लिए वेतन वृद्धि की घोषणा की है, जबकि सरकार अच्छी तरह जानती है कि हजारों हड़ताली कर्मचारियों में से महज दो-तीन हजार पे बैंड कर्मचारियों को ही इसका लाभ मिलेगा। श्री म्हस्के ने कहा कि कांग्रेस ने अपने जन घोषणापत्र में संविदा, अनियमित और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था। पाँच वर्ष का पूरा कार्यकाल बीतने को है, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया।

श्री म्हस्के ने कहा कि प्रदेश सरकार ने तो कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ अपने पूरे कार्यकाल में केवल और केवल छलावा ही किया है। केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता और टीए-डीए देने की घोषणा करने में भी इस सरकार को पौने पांच साल लग गए!

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री म्हस्के ने कहा कि आज सरकार को अपना वादा याद दिलाने और अपने साथ इंसाफ के लिए हजारों कर्मचारी जब हड़ताल करने को विवश हैं, तब आपातकाल के विचार से पोषित कांग्रेस को यह भी गवारा नहीं है कि कर्मचारी उसके खिलाफ आवाज उठाएँ। नियमितीकरण का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस अब इन कर्मचारियों पर एस्मा कानून के तहत कार्रवाई का मन बना रही है, उन्हें धमका रही है। कांग्रेस की यह फितरत रही है। एस्मा जैसे नियम लागू कर इन कर्मचारियों पर कार्रवाई करना अन्यायपूर्ण है। कर्मचारियों-अधिकारियों को सब्जबाग दिखाने के बाद उन्हीं पर अलोकतांत्रिक ढंग से दमनात्मक कार्रवाई करना ही इस सरकार की कुल जमा उपलब्धि रही है। इससे पहले पटवारियों की हड़ताल के समय भी सरकार ने इसी तरह धमकी देने का प्रयास किया था। श्री म्हस्के ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करके उनका समाधान करने के बजाय प्रदेश सरकार संवेदनहीनता की पराकाष्ठा कर रही है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री म्हस्के ने कहा कि कांग्रेस कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यह बात अच्छी तरह समझ लें कि उनके झूठ का पर्दाफाश हो चुका है। श्री म्हस्के ने नसीहत दी कि कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री बघेल यथाशीघ्र अपना बोरिया-बिस्तर समेट लें।

itehelka

Tehelka Ind, the leading news channel in India, is dedicated to delivering the latest and most accurate news to its viewers. With a team of experienced journalists and reporters, Tehelka Ind covers all aspects of news, from politics and business to entertainment and sports. Our commitment to impartiality and accuracy has made us a trusted source of news for millions of viewers across the country.

Related Articles

Back to top button