राजीव भवन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने किया ध्वजारोहण 

Congress District President Harihar Prasad Yadav hoisted the flag at Rajiv Bhawan.

बलरामपुर/स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। संविधान में निहित लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा आम जनता के हित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा देशहित और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

 

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष समीर सिंह देव, जिला उपाध्यक्ष रिपुजित सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास (छोटू बंगाली), जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, आदिवासी नेता कृपा शंकर, राजा चौबे, सरपंच संस्कृति रक्सेल, पार्षद रीना, सेवादल प्रेमसागर सिंह, वनोद मेहता सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं देशभक्ति के नारों के साथ हुआ। उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Exit mobile version