धान खरीदी को कांग्रेस-बीजेपी बना रही राजनैतिक मुद्दा, असल में दोनों पार्टियों ने नहीं किया किसानों के लिए काम : कोमल हुपेंडी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद धान खरीदी को लेकर सियासत शुरु हो गई है। इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस की भूपेश सरकार और बीजेपी पर पलटवार किया है।
कोमल हुपेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के दौरे पर आए तो जनता को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उनके चुनावी मौसम में आने से माहौल खराब हो गया है। अब पीएम के धान खरीदी वाले बयान को लेकर कांग्रेस बैठ गई है और दोनों पार्टियां सिर्फ एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का काम कर रही हैं। जनता को गुमराह करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को चेताते हुए कहा कि कांग्रेस-बीजेपी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं, इनके झांसे में न आए। पिछले 15 साल बीजेपी की रमन सरकार ने किसानों को ठगने का काम किया और अब 5 साल से कांग्रेस की सरकार किसानों को ठग रही है।


