लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद जिले में स्थित जतमई माता मंदिर इन दिनों चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। चारों ओर घने जंगलों, पहाड़ियों और झरनों के बीच विराजी मां जतमई के दरबार में दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में हर दिन भक्तों की उपस्थिति से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। मान्यता है कि मां जतमई अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करती हैं, यही वजह है कि यहां श्रद्धा और विश्वास के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। इस वर्ष श्रद्धालुओं द्वारा माता के दरबार में 410 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की गई है, जो आस्था और विश्वास का प्रतीक बन गया है।चैत्र नवरात्र में भी यहां का माहौल बेहद मनमोहक और श्रद्धामय बना हुआ है, जहां भक्त पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में जुटे हुए हैं
मंदिर की व्यवस्था सात गांवों की संयुक्त समिति द्वारा संचालित की जा रही है, जो श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रख रही है।
वहीं, जतमई सेवा समिति द्वारा भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें रायपुर के व्यापारियों का विशेष सहयोग रहता है। इस भंडारे में दूर-दराज से आए श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।