रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा। स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवार सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान 1857 की क्रांति के अमर शहीदों के परिवारों का सम्मान किया गया, और स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के अधिकारों को लेकर सरकार को मांग पत्र भी सौंपा गया।
रीवा के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में आयोजित इस सम्मेलन की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज वंदन, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, सांसद जनार्दन प्रसाद मिश्र और संगठन के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के अमर शहीदों के वंशजों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान संगठन की ओर से उप मुख्यमंत्री को एक अधिकार-पत्र सौंपा गया। इसमें स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के लिए पेंशन, शिक्षा और नौकरी में आरक्षण, परिचय पत्र, सेवा सदन, सरकारी समितियों में प्रतिनिधित्व तथा शहीदों के नाम पर सड़क, विद्यालय और स्मारकों के निर्माण सहित कई मांगें रखी गईं।सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। सरकार शहीद परिवारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करेगी और संगठन की मांगों पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि रीवा में स्वतंत्रता सेनानी सदन का निर्माण कराया जाएगा। वहीं रतहरा तालाब को स्वतंत्रता संग्राम स्मृति उद्यान के रूप में विकसित कर जिले के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम की पट्टिकाएं स्थापित की जाएंगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
