कलेक्टर उइके ने दी सख्त हिदायत-नशे पर होगी कठोर कार्रवाई

Collector Uikey issued strict instructions - strict action will be taken against drug abuse.

देवीचरण ठाकुर गरियाबंद

गरियाबंद_कलेक्टर श्री बी.एस.उइके ने जिले में नशीली पदार्थों पर नियंत्रण के लिए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्यवाही करें और लगातार निगरानी रखें।
विभागों के बीच समन्वय से रोकथाम के निर्देश
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र चंद्राकर,अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे,समाज कल्याण उपसंचालक डी.पी. ठाकुर,महिला बाल विकास विभाग,परिवहन,ड्रग कंट्रोलर सहित कई अधिकारी शामिल हुए। कलेक्टर ने कहा कि नशीली दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाने, सीमा पार आवागमन पर निगरानी रखने और दुकानों की नियमित चेकिंग करने की कार्रवाई निरंतर जारी रहे।
अवैध शराब, गांजा और गुटखा पर भी होगी कार्यवाही
श्री उइके ने निर्देश दिए कि अवैध शराब, गांजा, जर्दायुक्त गुटखा पर भी कड़ी कार्यवाही की जाए। साथ ही स्पर्श क्लीनिक के माध्यम से नशा पीड़ित मरीजों को परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाए।
जागरूकता के लिए हेल्पलाइन और मुनादी के आदेश
कलेक्टर ने नशामुक्ति के लिए जारी टोल फ्री नम्बर 14446 और एंटी नार्कोटिक्स हेल्पलाइन नम्बर 1933 का अधिक से अधिक प्रचार करने को कहा। पुलिस हेल्पलाइन 94792-25884 पर नशे से जुड़ी गतिविधियों या अपराधियों की जानकारी दी जा सकती है।
उन्होंने कहा — “सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।”
सभी गांवों में दीवार लेखन और मुनादी के निर्देश भी दिए गए।
स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष नजर
कलेक्टर ने स्कूल, कॉलेज, चौक-चौराहों, गार्डन जैसे स्थानों में नशे की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास, नगर पालिका, पंचायत, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को नशामुक्ति प्रचार अभियान चलाने कहा गया।
सफाई वाहनों से संदेश और कार्यालयों में धूम्रपान पर रोक
कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकाय के सफाई वाहनों में नशे से होने वाले दुष्परिणामों का प्रचार किया जाए।
उन्होंने सरकारी कार्यालयों में धूम्रपान या तंबाकू सेवन करने वालों पर कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा और तीन नए कानूनों पर चर्चा
बैठक में बताया गया कि सड़क हादसों वाले स्थलों का निरीक्षण कर सुधार किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल के जरिए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी की जा रही है। न्यायालयीन मामलों के शीघ्र निपटान के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम भी स्थापित किए गए हैं।
18 नवम्बर से वृहद नशामुक्ति अभियान
समाज कल्याण विभाग ने बताया कि 18 नवम्बर को जिले में व्यापक नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनजागरूकता कार्यक्रम, रैली और परामर्श सत्र आयोजित होंगे।
Exit mobile version