निर्माणाधीन नालंदा परिसर का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
Collector inspected the under-construction Nalanda campus

गुणवत्ताहीन ईंट के उपयोग पर जताई नाराजगी
गुणवत्ता युक्त सामग्री का उपयोग कर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिला मुख्यालय स्थित निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में चल रहे निर्माण कार्य एवं उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री का बारीकी से अवलोकन किया
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी खामियां पाए जाने पर कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें । उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने गुणवत्ताहीन ईंटों के उपयोग पर तत्काल कार्य रुकवाते हुए गुणवत्ता युक्त ईंट सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सामग्रियों का उपयोग करते हुए कार्य पूर्ण करें, ताकि विद्यार्थियों को जल्द से जल्द बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावी ढंग से कर सकें। नालंदा परिसर भविष्य में जिले के युवाओं के लिए ज्ञान, अध्ययन और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने नालंदा परिसर में प्रस्तावित विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी ली। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी बलरामपुर श्री अभिषेक गुप्ता,मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री दीपक एक्का मौजूद रहे।


