छत्तीसगढ़

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर कलेक्टर की सीधी निगरानी

Collector directly monitoring the resolution of CM Helpline complaints.

खाद्यान्न वितरण संबंधी शिकायत का दूरभाष पर ली वस्तुस्थिति की जानकारी

गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर फोकस

सभी जिला अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रत्येक मामलों को प्राथमिकता दें – कलेक्टर

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) जिले में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी द्वारा शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी स्वयं विभिन्न प्रकरणों की वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर उनके प्रभावी निराकरण पर विशेष जोर दे रही हैं।

इसी कड़ी में कलेक्टर ने विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत सेवारी से संबंधित सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत पर खाद्यान्न वितरण की जानकारी ली। शिकायत में उल्लेख किया गया था कि उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न का आवंटन एवं आपूर्ति विलंब से पहुंचने के कारण खाद्यान्न वितरण का कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे हितग्राहियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

प्रकरण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने स्वयं दूरभाष के माध्यम से शिकायतकार्ता उचित मूल्य दुकान संचालक से चर्चा की तथा समस्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। चर्चा के दौरान खाद्यान्न आपूर्ति में विलंब की स्थिति से अवगत होने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्या के शीघ्र निराकरण करने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं खाद्यान्न वितरण व्यवस्था जनहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। इससे बड़ी संख्या में पात्र हितग्राही एवं जरूरतमंद परिवार सीधे तौर पर प्रभावित होते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि खाद्यान्न वितरण से संबंधित शिकायतों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ निराकृत कर पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता के रूप में न करें बल्कि समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

गौरतलब है कि कलेक्टर द्वारा नियमित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा की जा रही है तथा लंबित एवं असंतोषजनक निराकरण वाले मामलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभागों द्वारा शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उनकी समस्याओं का वास्तविक और संतोषजनक निराकरण हुआ है या नहीं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button