रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
एक मरीज के साथ सिर्फ एक अटेंडेंट रहेगा; कभी भी निरीक्षण करने की चेतावनी, गंदगी और भीड़ पर अधिकारियों को फटकार
रीवा। संजय गांधी स्मृति अस्पताल (SGMH) की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने रात करीब 10 बजे अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान इमरजेंसी सहित कई वार्डों की व्यवस्थाएं देखीं और गंदगी व मरीजों के साथ जरूरत से ज्यादा अटेंडेंट मिलने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि लोगों ने अस्पताल को पिकनिक स्पॉट बना रखा है, ऐसा नहीं चलेगा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को जल्द व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस अधिकारी कभी भी निरीक्षण कर सकते हैं।
एक मरीज के साथ सिर्फ एक अटेंडेंट को अनुमति
कलेक्टर ने प्रभारी डीन डॉ. मनोज इंदुरकर को निर्देश दिए कि अब एक मरीज के साथ केवल एक ही अटेंडेंट को रहने की अनुमति दी जाए। वार्डों में अनाधिकृत लोगों की एंट्री रोकने के लिए सुरक्षा अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई।
मरीजों से मिलने के लिए समय निर्धारित करने और केवल तय समय पर ही लोगों को वार्ड में प्रवेश देने के निर्देश भी दिए गए।
इमरजेंसी के बाहर गंदगी पर जताई नाराजगी
कलेक्टर और एसपी ने इमरजेंसी वार्ड समेत कई वार्डों का निरीक्षण कर उपचार और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इमरजेंसी के बाहर साफ-सफाई की स्थिति कमजोर मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
पुराने गद्दे खुले में मिले, इंचार्ज का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश
ऑर्थोपेडिक्स वार्ड के निरीक्षण के दौरान पुराने गद्दे खुले में पड़े मिले। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित इंचार्ज का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन, जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख, एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा सहित अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
