छत्तीसगढ़
संयंत्र के प्लांट गैरेज विभाग में स्पेशल कैम्पेन 5.0 के तहत स्वच्छता अभियान का आयोजन
Cleanliness drive organized in the Plant Garage Department of the plant under Special Campaign 5.0

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लांट गैरेज विभाग में स्पेशल कैम्पेन 5.0 के तहत विगत दिनों स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री बी. डी. बाबू के नेतृत्व में मोबाइल उपकरण मरम्मत कार्यशाला (एमईआरएस) परिसर में संपन्न हुई। इस अभियान का उद्देश्य कार्यस्थल की स्वच्छता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सुरक्षित कार्य वातावरण के महत्व के प्रति कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों, नियमित कर्मियों एवं संविदा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यशाला के कार्यालय क्षेत्र, रखरखाव जोन और आसपास के परिसरों की सफाई की।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री बी. डी. बाबू ने सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिवस विशेष के लिये न होकर सतत् व्यवहार का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल की स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आग्रह किया।

सहायक महाप्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री पार्थ घोष ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता अभियान तभी प्रभावी हो सकते हैं जब प्रत्येक व्यक्ति टीम भावना और स्वामित्व की भावना से कार्य करे। उन्होंने कर्मचारियों को न केवल विभागीय क्षेत्र बल्कि पूरे संयंत्र परिसर में भी स्वच्छता बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।
अभियान में वरिष्ठ प्रबंधक श्री ए. डी. आप्टे, श्री आशीष गुप्ता, प्रबंधक श्री राकेश चौधरी, उप प्रबंधक श्री के. एच. वी. प्रसाद, डीएसओ एवं सहायक प्रबंधक श्री डी. सी. महाजन, सहायक प्रबंधक श्री एस. वी. एन. त्रिपाठी, श्री संजय सिंह सहित प्लांट गैरेज विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा यह संकल्प लेते हुए किया गया कि वे स्वच्छता को निरंतर अभियान के रूप में आगे बढ़ाते रहेंगे और स्वच्छता अभियान के उद्देश्यों को पूरी निष्ठा से क्रियान्वित करेंगे।



