नशा मुक्ति के दावों पर सवाल! स्कूल में बच्चों से पान मसाला मंगवाने का वीडियो वायरल

Claims of a drug-free environment questioned! Video of children being asked to fetch *pan masala* at school goes viral.

रीवा | मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा

रीवा। मध्यप्रदेश सरकार प्रदेशभर में “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान चलाकर युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रहने का संदेश दे रही है। इसी बीच रीवा जिले से सामने आया एक कथित वीडियो सरकारी दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।

 

मामला रीवा जिले की जवा तहसील स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गडेहरा का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में आरोप लगाया जा रहा है कि विद्यालय के एक शिक्षक छोटे-छोटे छात्रों से राजश्री पान मसाला मंगवा रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

 

यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है, तो यह मामला केवल एक शिक्षक के आचरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों के सामने गलत संदेश देने और शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर प्रश्नचिह्न खड़ा करने वाला माना जाएगा।

 

विद्यालय बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कार देने का केंद्र होता है। ऐसे में यदि शिक्षक ही विद्यार्थियों से पान मसाला जैसे उत्पाद मंगवाते हैं, तो यह बेहद गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

 

अब देखने वाली बात होगी कि शिक्षा विभाग इस वायरल वीडियो की जांच कर तथ्यों के आधार पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करता है या मामला केवल सोशल मीडिया की चर्चा बनकर रह जाता है।

Exit mobile version