रेलवे स्टेशन पर मासूम की मौत, सौतेला पिता हिरासत में

Child dies at railway station; stepfather in custody

रायपुर : राजधानी के रायपुर रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली दो साल की मासूम बच्ची की मौत के मामले में हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रेलवे डीएसपी के अनुसार, बच्ची की मौत किसी बीमारी से नहीं, बल्कि उसे बेरहमी से जमीन पर पटकने के कारण हुई है। पोस्टमार्टम जांच में मासूम के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

इस मामले में रेलवे जीआरपी ने बच्ची के 23 वर्षीय सौतेले पिता आकाश देवर को हिरासत में लिया है, जो दुर्ग जिले के कुम्हारी का रहने वाला है। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

19 नवंबर को मेकाहारा अस्पताल में हुई थी मौत

जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए आंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) लेकर पहुंचे थे। वहां उपचार के दौरान दोपहर करीब 2 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया। शुरुआती दौर में इसे सामान्य बीमारी से हुई मौत माना जा रहा था और उस समय परिजनों ने भी किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया था।

परिजनों की मांग पर हुए पोस्टमार्टम से खुला हत्या का राज

बच्ची की मौत के बाद उसकी मां और अन्य परिजनों को घटना को लेकर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिजनों की ओर से अस्पताल में लिखित आवेदन दिए जाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

चोट के निशानों से गहराया शक: पोस्टमार्टम जांच के दौरान चिकित्सकों को बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले। इसके बाद सामान्य मौत की थ्योरी खारिज हो गई और हत्या की आशंका गहरा गई। जांच आगे बढ़ने पर बच्ची के सौतेले पिता आकाश देवर की संदिग्ध भूमिका सामने आई। आरोप है कि उसी ने मासूम को जमीन पर पटक दिया था, जिससे अंदरूनी व बाहरी गंभीर चोटों के चलते उसकी जान चली गई।

बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। उसे जमीन पर पटकने से मौत होने की बात सामने आई है। दुष्कर्म की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। मामले में सौतेले पिता को हिरासत में लिया गया है। जीआरपी आरोपी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच करेगी। — एसएन अख्तर, डीएसपी, रेलवे जीआरपी रायपुर

 

Exit mobile version