“छत्तीसगढ़ की महिला टीम फाइनल में, कप्तान ने खुद संभाली गोलकीपिंग”
"Chhattisgarh women's team reaches final, captain takes charge of goalkeeping himself"

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के महिला फुटबाल सेमीफाइनल में मंगलवार को कप्तान किरण पिस्दा का बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। मेजबान छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
स्वामी विवेकानंद कोटा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में किरण ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया और 18वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
खुद गोलकीपिंग की कमान संभाली
निर्धारित समय तक स्कोर 2-2 की बराबरी पर रहने के बाद मैच का फैसला शूटआउट से हुआ। यहां किरण ने एक साहसिक फैसला लेते हुए खुद गोलकीपिंग की कमान संभाली। उन्होंने न केवल विपक्षी टीम के दो शानदार प्रहारों को नाकाम किया, बल्कि खुद भी निर्णायक पेनल्टी गोल दागकर टीम की जीत पर मुहर लगा दी।
इस जीत को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया
प्रतियोगिता में अब तक 20 गोल कर चुकीं किरण ने इस जीत को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया। अब खिताबी मुकाबले में छत्तीसगढ़ का सामना झारखंड या गुजरात से होगा।
कांस्य पदक के लिए आज एमपी से भिड़ेगी हॉकी टीम
अंतरराष्ट्रीय हाकी स्टेडियम में खेले जा रहे टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी टीम अब कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करेगी। सेमीफाइनल में ओडिशा से 1-5 की हार के बाद कप्तान कुजूर अश्विन के नेतृत्व में मेजबान टीम बुधवार को मध्य प्रदेश के खिलाफ पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।



