छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आज से शुरू, दर्शकों को मिलेगी फ्री एंट्री

Chhattisgarh Hockey League begins today; free entry for spectators

रायपुर । छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्घाटन बुधवार को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 5 बजे लीग की शुरुआत करेंगे। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। लीग के मुकाबले 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेले जाएंगे।

इस लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें ओलंपियन और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी खेलेंगे। प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का मौका मिलेगा।

छह टीमों के बीच होंगे मुकाबले

लीग में चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स, राजधानी रॉयल्स, मैनपाट टाइगर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स की टीमें उतरेंगी। इनकी फ्रेंचाइजी क्रमशः जिंदल स्टील, एसईसीएल, बजरंग पावर एंड इस्पात, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स और एनएमडीसी के पास है।

रोज दो मैच, पहले दिन महिला टीमों का प्रदर्शनी मैच

लीग के सभी मुकाबले रायपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होंगे। प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा। पहले दिन महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा।

स्टेडियम में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button