सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने का झांसा देकर ठगी

Cheating on the pretext of making a senior citizen card

रायपुर: राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुजुर्ग से साइबर ठगी हुई है। सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने और उसकी लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर अज्ञात ठगों ने बुजुर्ग किसान के बैंक खाते से करीब पांच लाख रुपये पार कर दिए। आरोपियों ने पीड़ित से एपीके फाइल डाउनलोड करवाई और वीडियो कॉल के जरिए एटीएम व आधार कार्ड की जानकारी हासिल कर ली।

पुलिस के अनुसार छोटापारा, मस्जिद के पास निवासी 63 वर्षीय गुलाम उसमान खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी की सुबह करीब 9:12 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को सीनियर सिटीजन कार्ड हेड ऑफिस कोलकाता का अधिकारी बताते हुए कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।

कॉलर ने वाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी और उसे ओपन करने के लिए कहा। भरोसे में आकर उन्होंने फाइल खोल दी। इसके बाद 9:21 बजे वीडियो कॉल कर उनसे एटीएम (डेबिट कार्ड) और आधार कार्ड दिखाने को कहा गया। पहले मना करने पर ठग ने कार्ड को सीनियर सिटीजन कार्ड से अटैच करने का झांसा दिया, जिस पर पीड़ित ने दोनों कार्ड दिखा दिए।

उसी दिन रात में दूसरे नंबर से कॉल आया और बताया गया कि कार्ड की लिमिट एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख की जा रही है, इसके लिए एक और एपीके फाइल ओपन करनी होगी। फाइल ओपन करते ही कुछ देर बाद वह फाइल डिलीट हो गई। इसके तुरंत बाद मोबाइल पर लगातार ओटीपी और लिंक के मैसेज आने लगे।

घबराकर पीड़ित ने मोबाइल बंद कर दिया। करीब चार घंटे बाद मोबाइल चालू करने पर देखा कि उसके खाते से तीन बार में कुल मिलाकर लगभग 4 लाख 99 हजार 751 रुपये की ठगी हो चुकी थी।

Exit mobile version