लोकेशन – रीवा | रिपोर्टर: सुभाष मिश्रा
रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत जवा में गुरुवार रात अफवाह के चलते बड़ा हंगामा हो गया। बच्चा चोर होने की गलतफहमी में 100 से अधिक ग्रामीणों की भीड़ ने एक कार को घेर लिया और उसे पलट दिया। कार में सवार पिता-पुत्र को बाहर निकालकर मारपीट करने की कोशिश की गई। मौके पर मौजूद कुछ लोग “मारो-मारो” और “आग लगा दो” जैसे नारे लगाते सुने गए।हालांकि, समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और हिम्मत दिखाते हुए दोनों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पति-पत्नी विवाद बना वजह
पुलिस के अनुसार, नीरज गौतम और उनकी पत्नी पुष्पांजलि गौतम के बीच पिछले करीब दो महीने से विवाद चल रहा है और दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। उनका 7 साल का बेटा है, जिसे अपने साथ रखने को लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ है। गुरुवार रात नीरज गौतम कार लेकर अपने ससुराल पहुंचे और बच्चे को जबरदस्ती साथ ले जाने लगे। इसी दौरान गांव में बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और कार को घेर लिया। पुलिस कर रही जांच सोहागी थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि घटना पूरी तरह गलतफहमी का परिणाम है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अफवाह फैलाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
