“CCPL की रिकॉर्ड रिकवरी, कारोबार में बड़ा सुधार”
"CCPL records recovery, business improves significantly"

रायपुर। CCPL के सीजन-3 में गुरुवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में रायगढ़ लायंस ने सरगुजा टाइगर्स हराया। वहीं दूसरा मुकाबला बस्तर बाइसंस और बिलासपुर बुल्स के बीच खेला गया, जो बड़ा ही नाटकीय रहा। दरअसल, बस्तर बाइसंस को आखिरी के दो ओवर में जीत के लिए 25 रन चाहिए थे।
टीम का स्कोर 203/3 था। यानी हाथ में सात विकेट थे और जीत बेहद ही आसान लग रही थी, लेकिन बिलासपुर बुल्स के वरुण सिंह भुईये ने 19वें ओवर में लगातार चार विकेट झटककर मुकाबले का रुख पलट दिया।
आखिर में बस्तर की टीम 203/3 से 205 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम लगभग जीत जिताया हुआ मैच आखिरी के 11 गेंद में सात विकेट गंवाकर हार गई।
आयुष ने बनाया CCPL का नया रिकॉर्ड
पहली पारी में बिलासपुर बुल्स के ओपनर और कप्तान आयुष पांडेय ने 147 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और 11 छक्के लगाए। यह CCPL इतिहास का अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।
आयुष को विकल्प तिवारी का भी शानदार साथ मिला। विकल्प 68 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 195 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की।
राहुल ने लड़ाई लड़ी, लेकिन लक्ष्य बड़ा था
228 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बस्तर बाइसंस की टीम 19.5 ओवर में 205 रन पर ऑलआउट हो गई। विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल प्रधान ने 74 रन और विजय यादव ने 46 रन की पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला।
वरुण ने 4 गेंद में 4 विकेट लेकर पलटा मैच
बिलासपुर बुल्स के गेंदबाज वरुण सिंह भुईये ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके। उन्होंने लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर बस्तर की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। उनकी इस घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
प्लेयर ऑफ द मैच
आयुष पांडेय ने रिकॉर्ड 147 रन बनाए, लेकिन निर्णायक समय पर 5 विकेट और लगातार 4 गेंदों में 4 विकेट लेने वाले वरुण सिंह भुईये को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पहले मुकाबले में रायगढ़ लायंस ने सरगुजा टाइगर्स को 6 विकेट से हराया
वहीं दिन को खेले गए पहले मुकाबले में 189 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रायगढ़ ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 192 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। रायगढ़ की जीत के हीरो रहे संगीत सोनी, जिन्होंने 80 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
फर्स्ट इनिंग में सरगुजा ने बनाए 188 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सरगुजा टाइगर्स ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 188 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज सनिध्य हुरकट ने 91 रन की बेहतरीन पारी खेली।
उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 4 छक्के लगाए। हर्ष यादव ने 26 और आशुतोष सिंह ने 15 रन का योगदान दिया। रायगढ़ लायंस की ओर से दीपक यादव और राजा कुर्रे ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में रायगढ़ लायंस की शुरुआत शानदार रही। संगीत सोनी और ऋषभ तिवारी ने पहले विकेट के लिए 113 रन जोड़े। संगीत सोनी ने 80 रन की विस्फोटक पारी खेली।
इसके बाद आलोक साहू 29 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि नयन चौहान ने 16 रन बनाए। सरगुजा की ओर से गगनदीप सिंह और धनंजय नायक को 2-2 विकेट मिले, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके।
दो दिन में दर्शकों को मिला 3.15 लाख रुपए कैश और एक टू-व्हीलर
छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL-3) में क्रिकेट के साथ दर्शकों पर भी इनामों की बारिश हो रही है। टूर्नामेंट के पहले दो दिनों में आयोजकों ने कुल 3.15 लाख रुपए नकद पुरस्कार और एक टू-व्हीलर दर्शकों को दिया है। विजेताओं में रायपुर, राजनांदगांव, सारंगढ़, जांजगीर-चांपा, महासमुंद और भिलाई के दर्शक शामिल हैं।
3 जून को उद्घाटन मुकाबले के दौरान सबसे बड़ा इनाम राजनांदगांव के पुलकित यादव के नाम रहा, जिन्होंने टू-व्हीलर जीता। वहीं सारंगढ़ के अमित कुमार साहू को 40 हजार रुपए और जांजगीर-चांपा के सूरज कश्यप को 30 हजार रुपए का पुरस्कार मिला।
पहले दिन 2 लाख रुपए से ज्यादा के इनाम
3 जून को कुल 10 दर्शकों को अलग-अलग श्रेणियों में नकद पुरस्कार दिए गए। इनाम राशि 14 हजार रुपए से लेकर 40 हजार रुपए तक रही। इसके अलावा “पकड़ो कैच, जीतो कैश” प्रतियोगिता में भिलाई के लिमेश टांडी को 10 हजार रुपए मिले।
पहले दिन बांटी गई नकद राशि का कुल मूल्य 2 लाख रुपए रहा, जबकि अलग से एक टू-व्हीलर भी दिया गया।
दूसरे दिन 10 दर्शकों को मिले 10-10 हजार रुपए
4 जून को आयोजित मुकाबले में इनाम वितरण का फॉर्मेट बदला गया। इस दिन 10 दर्शकों को 10-10 हजार रुपए दिए गए । विजेताओं में अमन साहू, हिमांशी साहू, अमित मार्टिन, अंश नवरंगे, ओंकार, छोवाराम नवरंगे, राजन कुमार, विकास कुमार औसर, कुणाल सिंह और पियूष कुमार शामिल रहे।
दूसरे दिन कुल 1 लाख रुपए नकद पुरस्कार वितरित किए गए।
दर्शकों को स्टेडियम तक खींचने की रणनीति
CCPL-3 में फ्री एंट्री के साथ नकद पुरस्कार और टू-व्हीलर जैसे इनाम दर्शकों को आकर्षित करने का बड़ा माध्यम बन रहे हैं। टूर्नामेंट के शुरुआती दो दिनों में ही अलग-अलग जिलों के 20 से ज्यादा दर्शकों को पुरस्कार मिलने से स्टेडियम में उत्साह बढ़ा है। आयोजकों के अनुसार लीग चरण और फाइनल तक ऐसे इनामों का सिलसिला जारी रहेगा।
CCPL का हुआ शानदार आगाज
इससे पहले छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) 2026 सीजन का शानदार आगाज हुआ। मैच शुरू होने से पहले ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी रॉय ने अपनी परफॉर्मेंस से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया।
रायपुर की टीम ने दर्ज की बड़ी जीत
उद्घाटन मुकाबले में 3 जून को रायपुर राइनोज ने राजनांदगांव पैंथर्स को 90 रन से हराकर टूर्नामेंट का शानदार आगाज किया था। कप्तान अमनदीप खरे के शतक की बदौलत रायपुर ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
अमनदीप खरे ने 102 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि अमित कुमार यादव ने 85 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी की। राजनांदगांव की ओर से सत्यम दुबे ने 2 विकेट लिए।
राजनांदगांव की शुरुआत रही बेहद खराब
229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 56 रन पर ही 4 विकेट गंवा बैठी। कप्तान ने 74 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। पूरी टीम 16 ओवर में 138 रन पर सिमट गई।
रायपुर राइनोज की ओर से गौरव चतुर्वेदी ने 4 विकेट झटके। आशीष चौहान और प्रशांत साई पैंकरा ने 2-2 विकेट लिए। अमनदीप खरे को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस बार भी 6 टीमों के बीच हो रहा मुकाबला
पिछली बार की तरह इस बार भी 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। फाइनल मिलाकर कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। विनिंग टीम को कप के साथ 15 लाख कैश अवॉर्ड भी दिया जाएगा।
वहीं उपविजेता टीम को 11 लाख रुपए मिलेंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया कि दर्शकों के लिए एंट्री फ्री होगी, लेकिन उन्हें पहले टिकट बुक कराना जरूरी होगा।
दरअसल, इस सीजन के हर मैच में दर्शकों को कैश प्राइज मिलेगा। सबसे खास, हर मैच की लाइव कमेंट्री क्रिकेट लवर्स को छत्तीसगढ़ी में सुनने को मिलेगी। इस सीजन की थीम है, खेले बढ़ियां-छत्तीसगढ़ियां। आयोजकों ने बताया स्टेडियम तक पहुंचने के चार स्टॉप से बस भी पिक कर सकेंगे।
दर्शकों के पास टू-व्हीलर समेत 11 लाख कैश प्राइज जीतने का मौका
CCPL के प्रेसिडेंट एवी भास्कर राव और CSCS के वी मोहनदास ने बताया कि CCPL सीजन-3 में इस बार सिर्फ चौके-छक्कों का रोमांच नहीं होगा, बल्कि दर्शकों के लिए भी बड़े इनाम रखे गए हैं।
स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों को हर मैच के दिन लकी ड्रॉ के जरिए कैश प्राइज जीतने का मौका मिलेगा। सबसे बड़ा आकर्षण ओपनिंग डे और फाइनल में मिलने वाले दो टू-व्हीलर हैं। कुल 11 लाख रुपए बतौर रिवॉर्ड दर्शकों को दिए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ी रंग भी दिखेगा
अधिकारियों ने बताया कि इस बार दर्शकों को छत्तीसगढ़ी कमेंट्री सुनने को मिलेगी, जो यूट्यूब पर लाइव प्रसारित होगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में भी छत्तीसगढ़ी माहौल बनाने की कोशिश की जाएगी, ताकि दर्शकों को अपनी संस्कृति से जुड़ाव महसूस हो।
टिकट फ्री, लेकिन ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी
आयोजकों के मुताबिक दर्शकों के लिए सभी टिकट मुफ्त रहेंगे। ऑनलाइन टिकट बुकिंग www.ticketgenie.in के जरिए की जाएगी। मैच वाले दिन ऑनलाइन टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर स्टेडियम से फिजिकल टिकट लिया जा सकेगा।
टिकट के पीछे दिए गए लकी ड्रॉ कूपन से दर्शकों को कई इनाम जीतने का मौका मिलेगा। टिकट के काउंटर पार्ट को संभालकर रखना होगा। हर दिन मैच के इनिंग ब्रेक में कूपन निकाले जाएंगे और विजेताओं के नाम बड़ी स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे।
12 दिनों तक बना रहेगा रोमांच, 114 खिलाड़ी होंगे शामिल
यह टूर्नामेंट 12 दिनों तक चलेगा। इसमें 6 टीमों के 114 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पहला मैच रायपुर और राजनांदगांव के बीच खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल एक ही दिन यानी 12 जून को होंगे। फाइनल मुकाबला भी 12 जून (रविवार) की शाम को खेला जाएगा।
टीमों में रायपुर-बिलासपुर के खिलाड़ियों का दबदबा
CCPL में खिलाड़ी चयन के आंकड़े बताते हैं कि छत्तीसगढ़ क्रिकेट में फिलहाल रायपुर और बिलासपुर का दबदबा सबसे ज्यादा है। कुल 114 खिलाड़ियों में से 58 खिलाड़ी केवल रायपुर और बिलासपुर जिलों से आते हैं।
इनमें रायपुर के 36 और बिलासपुर के 22 खिलाड़ी हैं। इसका मतलब है कि लगभग हर तीसरा खिलाड़ी रायपुर का है।
5 जिलों से केवल एक-एक खिलाड़ी का ही सलेक्शन
भिलाई से 11 खिलाड़ी और राजनांदगांव से 8 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। दुर्ग और सरगुजा से 5-5 खिलाड़ी टीमों में जगह बनाने में सफल रहे हैं। बस्तर और कोरबा से 4-4 खिलाड़ियों को मौका मिला है।
वहीं रायगढ़, महासमुंद, कबीरधाम, जशपुर और जांजगीर-चांपा जैसे जिलों का प्रतिनिधित्व सीमित रहा। धमतरी, नारायणपुर, कांकेर, कोरिया और दंतेवाड़ा जैसे जिलों से केवल एक-एक खिलाड़ी का चयन हुआ है।



