महादेव सट्टा केस में CBI का शिकंजा

CBI tightens its grip in the Mahadev betting case

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा केस की जांच अब छत्तीसगढ़ पुलिस के अफसरों तक पहुंच गई है। CBI ने IPS और राज्य पुलिस अधिकारियों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए दिल्ली तलब किया है। जानकारी के मुताबिक सीबीआई के दफ्तर में दो अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।

वहीं, महादेव ऑनलाइन सट्टा केस के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को कल रायपुर के स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। 19 नवंबर को उसकी खत्म हो रही है। ऐसे में उसे ED और CBI दोनों मामलों में अलग-अलग कोर्ट में पेश किया जाएगा। ED उससे दोबारा पूछताछ के लिए कोर्ट से कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है।

बयान और दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ

ED के अधिकारियों ने सौरभ से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा और विदेश में मौजूद कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से हासिल रकम किस रास्ते से विदेश पहुंची और इस नेटवर्क में किन लोगों की क्या भूमिका रही।

1 नवंबर से अब तक, कब क्या हुआ?

1 नवंबर: CBI की टीम सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लेकर पहुंची। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली।
4 नवंबर: रायपुर की विशेष CBI कोर्ट में पेशी हुई। कोर्ट ने CBI को 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड दी।
12 नवंबर: CBI की रिमांड खत्म हुई। एजेंसी ने आगे पुलिस रिमांड नहीं मांगी। कोर्ट ने 19 नवंबर तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
13 नवंबर: ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में सौरभ को गिरफ्तार किया। विशेष PMLA कोर्ट ने 7 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर की।
19 नवंबर: ED की कस्टडी और CBI मामले में न्यायिक अभिरक्षा की अवधि पूरी होगी। दोनों मामलों में अलग-अलग कोर्ट में पेशी होगी।

3500 करोड़ की संपत्ति अटैच, विदेश में 1800 करोड़ की प्रॉपर्टी

ED की जांच में अब तक करीब 190 ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है। एजेंसी करीब 2000 करोड़ रुपए जब्त या फ्रीज कर चुकी है। वहीं करीब 3500 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की गई है। इसमें लगभग 1800 करोड़ रुपए की विदेश में स्थित संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में 22 अचल संपत्तियां भी अटैच की गई हैं।

ED इस मामले में 116 आरोपियों के खिलाफ 6 अभियोजन शिकायतें दाखिल कर चुकी है। सौरभ चंद्राकर इस केस में ED की ओर से गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी है।

200 करोड़ की शादी का खर्च भी जांच के दायरे में

ED के मुताबिक, फरवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में सौरभ चंद्राकर की शादी पर करीब 200 करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए थे। शादी में शामिल होने के लिए नागपुर से तीन चार्टर्ड विमान भेजे गए थे।

एजेंसी ने इस खर्च की रकम का पता लगाने के लिए इवेंट कंपनी, होटलों और अंगड़िया फर्मों के जरिए हुए लेन-देन की जांच की। शादी में शामिल मेहमानों की सूची से सिंडिकेट के प्रबंधन से जुड़े लोगों की पहचान करने में भी मदद मिली।

Exit mobile version