उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व में अवैध सागौन कटाई का मामला
Case of illegal teak cutting in Udanti Sitanadi Tiger Reserve

देवीचरण ठाकुर गरियाबंद
गरियाबंद_उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व में अवैध सागौन कटाई का मामला पिछले कई महीनों से चर्चा में था। जंगल की रातों में मोटरसाइकिल की गड़गड़ाहट, नदी की धार में बहते सागौन के लठ्ठे और उनकी लोकेशन बदलने के गुप्त तरीके—इन्हीं सबके बीच एक गैंग अपने आपको “अदृश्य” समझ बैठा था। यही गैंग स्थानीय स्तर पर पुष्पा गैंग के नाम से कुख्यात हो चुका था। लेकिन आज कहानी में बड़ा मोड़ आया। पी.ओ.आर. क्र. 52/06 (दिनांक 08/10/2025) के अवैध कटाई प्रकरण में फरार चल रहे दो मुख्य सदस्य—
1️⃣ विद्याधर नाईक
2️⃣ लक्ष्मीनारायण बेहरा
(दोनों निवासी ग्राम घुचागुड़ा, उड़ीसा) को वन विभाग की टीम ने 19/11/2025 को पकड़ लिया।
इन दोनों पर आरोप है कि ये उदंती के घने जंगलों में सागौन के पेड़ों को काटकर, उन्हें “पानी के रास्ते” उड़ीसा तक पहुंचाने की योजना में सक्रिय थे। कई बार दबिश के बावजूद ये दोनों हाथ नहीं आए और जंगल की ओट में गायब हो जाते थे — यही वजह थी कि इन्हें मामले का “मोस्ट वांटेड” माना जा रहा था।
आज की कार्रवाई में टीम ने दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें माननीय न्यायालय देवभोग के समक्ष प्रस्तुत किया।
उनकी गिरफ्तारी से पुष्पा गैंग की तस्करी की कड़ी लगभग पूरी तरह सामने आ चुकी है, और विभाग को उम्मीद है कि अब जंगलों में चल रही अवैध गतिविधियों की जड़ें और गहरी पकड़ में आएंगी।


