जांजगीर। शहर के नहरिया बाबा रोड पर रविवार को एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बच गई। जानकारी के अनुसार कैनाल सिटी निवासी संजय शांडिल्य अपने पांच अन्य साथियों के साथ कार से कहीं जा रहे थे। जैसे ही कार नहरिया बाबा मोड़ के पास पहुंची, तभी ड्राइवर से गलती हो गई और ब्रेक दबाने की बजाय अचानक एक्सीलेटर दब गया। इससे कार अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी।
घटना इतनी अचानक हुई कि आस-पास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार छह लोगों की जान पर बन आई, लेकिन गनीमत यह रही कि सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। स्थानीय नारियल विक्रेता हीरा कश्यप ने साहस दिखाते हुए सबसे पहले मदद के लिए छलांग लगाई। उनके साथ आसपास मौजूद अन्य लोगों ने मिलकर कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। लोगों की तत्परता और साहस के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि तत्काल मदद न मिलती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। कार नहर में गिरने से कुछ देर तक सड़क पर जाम भी लग गया। बाद में लोगों ने मिलकर कार को भी किनारे करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि नहर किनारे सुरक्षा बैरिकेड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
