छत्तीसगढ़

एनसीक्यूसी-2025 में बीएसपी की टीमों को उल्लेखनीय सफलता, टीम आरएसएम को पार एक्सीलेंस अवार्ड

BSP teams achieve remarkable success in NCQC-2025, Team RSM receives Par Excellence Award

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल (आरएसएम) ने दिसंबर 2025 में ग्रेटर नोएडा में आयोजित नेशनल कन्वेंशन ऑन क्वालिटी सर्कल्स (एनसीक्यूसी–2025) में देशभर से भाग लेने वाली टीमों के बीच टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित “पार एक्सीलेंस एवं ‘एक्सीलेंस अवार्ड’ अर्जित किया। संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र तथा बीआरएम के साथ ही आरएसएम टीम की उल्लेखनीय सफलता ने एनसीक्यूसी–2025 में भिलाई इस्पात संयंत्र का परचम लहराया है।

रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल की ‘रेल रक्षक’ टीम ने अपने प्रभावी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ‘पार एक्सीलेंस अवार्ड’ प्राप्त किया। वहीं, ‘रेल निष्ठा’ टीम, जिसमें श्री बलराम राठ (प्रबंधक, आरएसएम–इलेक्ट्रिकल), श्री एन. नटेसन एवं श्री रामकृष्ण महेकू शामिल हैं, ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘एक्सीलेंस अवार्ड’ प्राप्त किया।

इस अवसर पर दोनों टीमों के सदस्यों को मुख्य महाप्रबंधक (रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल एवं रोल टर्निंग शॉप) श्री तीर्थंकर दस्तिदार द्वारा सम्मानित किया गया। श्री दस्तिदार ने टीमों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियाँ कर्मचारियों की कार्यकुशलता, नवाचार क्षमता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं, साथ ही पूरे विभाग के मनोबल को भी सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने गुणवत्ता सुधार की प्रक्रिया को निरंतर बनाए रखने पर बल दिया।

उल्लेखनीय है कि क्वालिटी सर्कल फोरम ऑफ इंडिया (क्यूसीएफआई) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय गुणवत्ता अवधारणा सम्मेलन (एनसीक्यूसी) का प्रमुख उद्देश्य कर्मचारियों को गुणवत्ता अवधारणाओं के व्यावहारिक पहलुओं को साझा करने, सीखने और प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करना है। यह सम्मेलन “पीपल बिल्डिंग फिलॉसफी” को बढ़ावा देता है, जिसके अंतर्गत कर्मचारियों में आत्म-विकास, पारस्परिक विकास तथा समस्या-समाधान प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

 

Related Articles

Back to top button