छत्तीसगढ़

सेवानिवृत्ति पर बीएसपी प्रबंधन ने दी भावभीनी विदाई

BSP management gave a warm farewell on retirement

सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र की सेवा से नवंबर 2025 माह में कुल 95 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिनमें खदान बिरादरी के सदस्यों सहित 13 कार्यपालक एवं 82 गैर-कार्यपालक शामिल हैं। इस माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में विभिन्न विभागों के अनुभवी एवं समर्पित सदस्य शामिल रहे, जिन्होंने लंबे समय तक संयंत्र के संचालन, उत्पादन और संगठनात्मक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यपालकों हेतु आयोजित विदाई समारोह का आयोजन निदेशक प्रभारी सभागार में किया गया, जहाँ कार्यकारी निदेशक प्रभारी (भिलाई इस्पात संयंत्र) श्री ए. के. चक्रवर्ती ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) श्री पी. के. सरकार तथा कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री कमल भास्कर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक निदेशकों ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किए तथा उनके योगदान, नेतृत्व एवं कार्यनिष्ठा की सराहना करते हुए जीवन के नए चरण के लिए शुभकामनाएँ दीं।
अपने उद्बोधन में अध्यक्षता कर रहे कार्यकारी निदेशक प्रभारी (भिलाई इस्पात संयंत्र) श्री ए. के. चक्रवर्ती ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी बीएसपी की अमूल्य पूँजी रहे हैं और उनके अनुभव आने वाले समय में संगठन के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि संयंत्र की प्रगति और कार्य-संस्कृति को आज जिस ऊँचाई पर पहुँचाने में सफलता मिली है, उसमें सेवानिवृत्त होने वाले सभी अधिकारियों का बहुमूल्य योगदान शामिल है।
गैर-कार्यपालकों के लिए विदाई समारोह का आयोजन भिलाई निवास में किया गया, जिसमें भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संदीप माथुर तथा उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–एससीसीए) श्री राजेंद्र प्रसाद ने कार्मिकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किए। संयंत्र प्रबंधन ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के कठिन परिश्रम, समर्पण एवं निष्ठा को रेखांकित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद तथा सुरक्षित भविष्य की कामना की।
संयंत्र प्रबंधन की ओर से सेवानिवृत्त सभी सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान और संगठन के प्रति निष्ठा के लिए हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया गया तथा जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएँ प्रदान की गईं।

Related Articles

Back to top button