रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा

रीवा। जिले के अतरैला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटवा गांव में गौवंश पर क्रूर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात नहीं बल्कि नामजद आरोपियों द्वारा धारदार हथियार से गायों पर हमला किए जाने से इलाके में भारी आक्रोश है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भुनगांव निवासी आयुष्मान सिंह बघेल ने अतरैला थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 9 मार्च की सुबह करीब 11 बजे अतरैला स्थित कंपनी के पास सड़क किनारे एक गाय गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिली। गाय की पूंछ के पास टांगी (कुल्हाड़ी) से कई गहरे वार किए गए थे, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी। ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि 4–5 दिन पहले टेड़ी गांव के रजौली साकेत और कोटवा के गिरधारी कोल पर आरोप है कि उन्होंने कई मवेशियों पर टांगी व अन्य धारदार हथियारों से हमला किया था। आसपास तलाश करने पर करीब आधा दर्जन गायें गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज प्रताप सिंह को बुलाकर घायल गौवंश का इलाज कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी गायों को देखभाल के लिए ग्राम पंचायत कोनीकलां स्थित गौशाला भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 325, 3(5) बीएनएस, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1) और मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4/9 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
