रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। सोमवार रात शहर के समान थाना क्षेत्र में स्थित ओवरब्रिज पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया गया कि तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने सिलसिलेवार तरीके से तीन बाइकों को टक्कर मार दी और कुछ दूरी पर जाकर खुद भी पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो तेज रफ्तार में लहराते हुए पुल पर चढ़ी थी। इस दौरान चालक ने पहले एक बाइक को, फिर दूसरी और तीसरी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो कुछ दूर जाकर पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।
स्थानीय लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे बोलेरो चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से संजय गांधी अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बोलेरो चालक नशे में था और वाहन को अत्यधिक रफ्तार में चला रहा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल समान थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
