शराब पार्टी के बाद खूनी खेल, कार में अगवा कर युवक की हत्या

Bloody game after alcohol party, young man kidnapped in car and murdered

रायपुर। रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में निर्दलीय पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे ने अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने पार्षद समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि शराब पीने के दौरान विवाद और गाली-गलौज के बाद युवक की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया। मृतक की पहचान नकटी गांव निवासी भुवनेश्वर यादव के रूप में हुई है।

वह मोनेट कंपनी में ऑपरेटर था और 22 मई से लापता चल रहा था। स्वजन ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना वाले दिन मंदिर हसौद स्थित शराब भट्ठी के पीछे भुवनेश्वर और गोलू रात्रे सहित अन्य लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था।

महासमुंद ले गए लाश, नदी किनारे रेत में गाड़ी

नशे की हालत में भुवनेश्वर और पार्षद रात्रे के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हुई। विवाद बढ़ने के बाद पार्षद अपने साथियों के साथ भुवनेश्वर को कार में बैठाकर वहां से ले गया। इसके बाद युवक को महासमुंद जिले के महानदी किनारे ले जाया गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपितों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रेत में दफना दिया।

घटना से पहले पत्नी से फोन पर की थी बात

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना की शाम भुवनेश्वर ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। उस दौरान उसने पार्षद से भी पत्नी की बात करवाई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह अचानक लापता हो गया। बाद में पुलिस को मृतक का मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ, जिससे जांच की दिशा बदल गई।

मामले में पुलिस ने निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से अलग-अलग पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का राजफाश किया जाएगा।

जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने घेरा थाना

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों और स्वजन ने थाने का घेराव कर दिया। आरोपितों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। हालांकि पुलिस ने मामले में सभी को समझाइश देकर शांत करवाया।

Exit mobile version