रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। चोरहटा थाना क्षेत्र के ग्राम दुबहा में दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में दोनों भाइयों के बीच गाली-गलौज के बाद हाथापाई होती दिख रही है। वीडियो में एक भाई दूसरे को जमीन पर पटकते हुए मारपीट करता नजर आता है।
सूत्रों के अनुसार, दुबहा निवासी चतुर्वेदी परिवार के दो सगे भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान छोटे भाई महेंद्र चतुर्वेदी द्वारा बड़े भाई अंशुमान चतुर्वेदी से मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना के समय घर में मौजूद महिलाओं ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में मारपीट करने वाला व्यक्ति पीड़ित का छोटा भाई है।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी है। फिलहाल पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत चोरहटा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में एएसपी संदीप मिश्रा ने कहा—
“वीडियो और शिकायत की जांच की जा रही है। तथ्य सामने आते ही आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
