रायपुर में आज ब्लड डोनेशन कैंप, डिस्काउंट कूपन खास
Blood donation camp in Raipur today; special discount coupons available.

रायपुर। रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आज 23 सितंबर को रक्तदान महाकुंभ जारी है। इसमें शहर के नागरिक समेत बड़ी संख्या में महिलाएं भी ब्लड डोनेट करने के लिए आगे आ रही हैं। ब्लड डोनर्स को प्रोत्साहित करने के लिए शहर के होटल, अस्पताल और व्यापारिक संस्थानों ने विशेष छूट देने की पहल की है। यानी आज ब्लड डोनेट करने वालों को सेवा के साथ कई सुविधाओं का लाभ भी मिल रहा है।

रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन (राडा) से जुड़े हीरो, होंडा और टीवीएस डीलर ब्लड डोनर्स को 5 हजार रुपए तक की छूट दे रहे हैं। राडा के सदस्य कार डीलरशिप महिला ब्लड डोनर्स को एसेसरीज पर 10 हजार रुपए तक की अतिरिक्त छूट देंगे। रविभवन व्यापारी संघ की ओर से मोबाइल खरीदने पर एसेसरीज में 15% की छूट दी जा रही है। वहीं छत्तीसगढ़ कंप्यूटर एवं मीडिया डीलर एसोसिएशन महिला ब्लड डोनर्स को कंप्यूटर और लैपटॉप खरीदने पर गिफ्ट हैम्पर दे रहा है।
महिला ब्लड डोनर्स को अस्पताल में कई सुविधाएं
ममता अस्पताल में महिला ब्लड डोनर्स को गायनिक सलाह, सोनोग्राफी और ईसीजी की नि:शुल्क सुविधा मिल रही है। एसबीएच अस्पताल की ओर से 2 हजार रुपए तक का वाउचर दिया जा रहा है। लंदन आई में चश्मे के फ्रेम पर 25% की छूट मिलेगी। ये लाभ 17 अक्टूबर तक लिए जा सकेंगे। फर्नीचर मैन्युफैक्चर एवं ट्रेडर्स एसोसिएशन महिला ब्लड डोनर्स को फर्नीचर खरीदने पर 2 से 10% तक की छूट दे रहा है। जीवन बीमा मार्ग व्यवसायी संघ से जुड़े प्रतिष्ठानों में भी सर्टिफिकेट दिखाने पर महिला ब्लड डोनर्स को 5 से 30% तक की छूट दी जाएगी।
होटल-रेस्टोरेंट में भी मिलेगा बिल पर फायदा
खाने-पीने पर भी ब्लड डोनर्स को विशेष छूट मिल रही है। बेबीलोन इंटरनेशनल होटल में भोजन पर 15%, मायरा रिसोर्ट में 20% और मेफेयर रिसोर्ट में 15% तक की छूट 17 अक्टूबर तक मिलेगी। छत्तीसगढ़ रेस्टोरेंट एवं कैफे एसोसिएशन से जुड़े प्रतिष्ठानों में महिला ब्लड डोनर्स को 10% तक की छूट दी जाएगी। फिनोलॉजी वेंचर प्राइवेट लिमिटेड महिला ब्लड डोनर्स को चार्जेस में 20% तक की छूट देगा।
सोलर पैनल पर 15 हजार तक की बचत
ब्लड डोनेट करने वाले सभी ब्लड डोनर्स को सोलर पैनल लगवाने पर 5 हजार से 15 हजार रुपए तक की विशेष छूट दी जा रही है। इसके अलावा महिला ब्लड डोनर्स को कंप्यूटर-लैपटॉप, फर्नीचर, मोबाइल एसेसरीज, अस्पताल और रेस्टोरेंट की सेवाओं पर भी लाभ मिलेगा। इन छूटों का लाभ लेने के लिए ब्लड डोनेट करने का प्रमाण-पत्र दिखाना होगा। सेवा महाकुंभ के जरिए ब्लड डोनेट करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के साथ ब्लड डोनर्स के योगदान का सम्मान भी किया जा रहा है।



