सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-8 (महामाया) ने अक्टूबर 2026 में हॉट मेटल उत्पादन के क्षेत्र में अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक प्रदर्शन दर्ज करते हुए 2,79,073 टन हॉट मेटल का उत्पादन किया है। इस उपलब्धि के साथ ब्लास्ट फर्नेस-8 ने मार्च 2026 में दर्ज अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन 2,68,355 टन को पीछे छोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि बीएफ-8 ने अक्टूबर 2025 में दर्ज पिछले मासिक उत्पादन रिकॉर्ड 2,50,936 टन को भी इस नए कीर्तिमान के साथ पार किया।
मासिक उत्पादन के साथ-साथ ब्लास्ट फर्नेस-8 ने औसत दैनिक हॉट मेटल उत्पादन में भी नया रिकॉर्ड स्थापित किया। अक्टूबर 2026 में 9,002 टन प्रतिदिन औसत उत्पादन दर हासिल किया गया, जो अप्रैल 2025 में दर्ज 8,705 टन प्रतिदिन के पिछले सर्वश्रेष्ठ औसत दैनिक उत्पादन से अधिक है। इस प्रकार ब्लास्ट फर्नेस-8 ने मासिक उत्पादन के साथ औसत दैनिक उत्पादन में भी अब तक की सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि दर्ज की है।
ब्लास्ट फर्नेस-8 के सीसीआर में आयोजित औपचारिक समारोह में मुख्य महाप्रबंधक (आयरन) श्री मनोज कुमार एवं मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री विवेक वर्मा ने केक काटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया और टीम के सदस्यों को बधाई दी। मुख्य महाप्रबंधक (आयरन) श्री मनोज कुमार एवं मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री विवेक वर्मा ने ब्लास्ट फर्नेस बिरादरी के सामूहिक प्रयासों एवं समर्पण की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट उत्पादन प्रदर्शन बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।
