छत्तीसगढ़

केंद्र सरकार के 12 साल पर भाजपा का बड़ा कार्यक्रम

BJP's mega event marking 12 years of the central government.

रायपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। मीडिया संवाद को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए अभूतपूर्व बदलावों और विकासात्मक उपलब्धियों का पूरा लेखा-जोखा जनता के सामने रखा।

प्रधान सेवक ने स्थापित किए सेवा के नए कीर्तिमान: सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 12 वर्षों में दिन-रात काम करके सेवा और सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई दी। सीएम साय ने कहा, प्रधानमंत्री खुद को शासक नहीं बल्कि प्रधान सेवक कहते हैं। उनका पूरा कार्यकाल सबका प्रयास, सबका विश्वास और सबका विकास के मूल मंत्र को समर्पित रहा है। आज का भारत रक्षा और स्वाभिमान के मामले में पूरी तरह आत्मनिर्भर है। अब भारत किसी को पहले छेड़ता नहीं है, ओर यदि कोई भारत को छेड़े तो उसे छोड़ता भी नहीं है।

एनडीए पर जनता की अटूट आस्था

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि आज देश की जनता का भरोसा एनडीए (NDA) सरकार पर अटूट है। उन्होंने रेखांकित किया कि देश में 58 करोड़ लोगों के नए बैंक खाते खोले गए हैं, 60 करोड़ से अधिक आयुष्मान हेल्थ कार्ड बनाए गए हैं, 4 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्का पीएम आवास मिला है और 16 करोड़ से अधिक ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचाया जा चुका है।

विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी इकोनॉमी बना भारत: गिरिराज सिंह

वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने आक्रामक अंदाज में देश की आर्थिक प्रगति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ संकल्प से देश ने एक देश, एक कर’ (GST) जैसे कड़े सुधार लागू किए। उन्होंने बताया कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत ने कई देशों से सीधे तेल खरीदा और अपनी मजबूत नीतियों के दम पर देश की इकोनॉमी को दुनिया में 10वें स्थान से छलांग लगवाकर चौथे और पांचवें स्थान पर लाने का ऐतिहासिक काम किया है।

गरीबी नहीं मिटा पाए गरीब ही मिट गए

विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, कि जिन लोगों को देश का यह ऐतिहासिक विकास दिखाई नहीं दे रहा है, वे कृपया अपना चश्मा बदल लें। पूर्ववर्ती इंदिरा गांधी की सरकार में गरीबी तो नहीं मिटी, बल्कि गरीब ही मिट गए। इसके विपरीत, मोदी सरकार ने वास्तविक रूप से जमीनी स्तर पर गरीबों को सशक्त बनाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button