छत्तीसगढ़

बिजली कटौती और लापरवाही पर भावना बोहरा सख्त

Bhawna Bohra takes a tough stance on power outages and negligence.

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने, बिजली संबंधी कार्यों के लिए कथित रूप से रिश्वत मांगने और किसानों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों के बीच विधायक भावना बोहरा बिना पूर्व सूचना के ठाठापुर-रामपुर विद्युत उपकेंद्र पहुंच गईं। अचानक हुए निरीक्षण से विभागीय अमले में हड़कंप मच गया।

मौके पर बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने बिजली व्यवस्था की बदहाली और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर खुलकर शिकायतें कीं। शिकायतों को गंभीर मानते हुए विधायक ने मौके पर मौजूद जेई सौरभ अजगले को कड़ी फटकार लगाई और वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

किसानों ने रखीं बिजली संकट और रिश्वत की शिकायतें

निरीक्षण के दौरान किसानों ने विधायक को बताया कि कई गांवों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों का आरोप था कि बिजली से जुड़े कुछ कार्यों के लिए कथित रूप से पैसों की मांग की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होता और उपभोक्ताओं के साथ विभागीय अधिकारियों का व्यवहार भी संतोषजनक नहीं रहता।

बिजली संकट से खेती और जनजीवन दोनों प्रभावित

ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बार-बार बिजली गुल होने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। घरेलू उपभोक्ताओं, विद्यार्थियों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर खराब ट्रांसफार्मर और तकनीकी खराबियों के कारण आपूर्ति सामान्य होने में काफी समय लग जाता है, जिससे लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।

जेई सौरभ को लगाई फटकार, कार्रवाई के दिए निर्देश

शिकायतें सुनने के बाद विधायक भावना बोहरा ने जेई सौरभ अजगले को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों और आम नागरिकों के साथ लापरवाही, दुर्व्यवहार अथवा भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना विभाग की जिम्मेदारी है और किसानों का सम्मान प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है। इसी दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर संबंधित जेई सौरभ को हटाने के निर्देश भी दिए।

बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त आदेश

विधायक ने विभागीय अधिकारियों को खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने, तकनीकी खराबियों का तत्काल निराकरण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

दोबारा शिकायत मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई

विधायक भावना बोहरा ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बिजली कटौती, कथित रिश्वतखोरी या किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने जैसी शिकायतें दोबारा सामने आईं तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध और भी कठोर प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button