भड़रा-इटमा वाटरफॉल बना ‘डेथ पॉइंट’! हजारों पर्यटकों की भीड़, सुरक्षा नदारद, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
Bhadra-Itma Waterfalls has become a 'death point'! Thousands of tourists throng, security is absent, and a major accident could happen at any time.

रीवा मप्र | रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। जनपद पंचायत जवा अंतर्गत भड़रा-इटमा स्थित वाटरफॉल इन दिनों पर्यटकों और युवाओं की पहली पसंद बना हुआ है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह पर्यटन स्थल जहां लोगों को आकर्षित कर रहा है, वहीं सुरक्षा इंतजामों के अभाव में बड़े खतरे का कारण भी बनता जा रहा है। तेज जलधारा और गहरे पानी के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवक-युवतियां स्नान और घूमने पहुंच रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बढ़ रही है।

हाल ही में इसी क्षेत्र में एक युवक टमस नदी की तेज धारा के बीच फंस गया था, जिसे पुलिस और ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला था। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

भाजपा नेता शिवशंकर तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि भड़रा-इटमा वाटरफॉल पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन न तो यहां सुरक्षा कर्मी तैनात हैं और न ही चेतावनी संबंधी कोई साइन बोर्ड लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी कई लोग नदी में डूब चुके हैं और दर्जनों दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, फिर भी जिला और स्थानीय प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
तिवारी ने कहा कि जिस तेजी से पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है, उसे देखते हुए किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, प्रशिक्षित बचाव दल और निगरानी तंत्र स्थापित करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो भड़रा-इटमा वाटरफॉल की खूबसूरती कभी भी मातम में बदल सकती है।


