स्पेलिंग बदलकर जारी रखी सट्टेबाजी, IPL और राजनीतिक दांव शामिल
Betting continued with a changed spelling, including IPL and political bets.

रायपुर। महादेव सट्टा एप अपनी स्पेलिंग में मामूली बदलाव कर फिर सक्रिय हो गया है। नए नाम में महादेव की स्पेलिंग में डबल ए का उपयोग किया गया है। 2023 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा करीब 6,000 करोड़ रुपये के मनी लांड्रिंग मामले की जांच के बाद इस पर कार्रवाई हुई थी। लेकिन अब यह आइपीएल और चुनावी सीजन में दोबारा सक्रिय हो गया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार प्लेटफार्म पर क्रिकेट मैचों के नतीजों के साथ-साथ ओवर में बनने वाले रन, विकेट गिरने सहित अन्य दांव लगाए जा रहे हैं।
राजनीतिक संभावनाओं पर भी सट्टेबाजी
इतना ही नहीं, बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी के चुनावों में सीटों के अनुमान और राजनीतिक संभावनाओं पर भी सट्टेबाजी हो रही है। सट्टे की रकम आमतौर पर 100 से 10,000 रुपये के बीच तय की जाती है। साल 2025 में ऑनलाइन मनी गेमिंग पर प्रतिबंध के बावजूद एप संचालित हो रहा है। मुख्य संचालक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल अब तक पकड़ से बाहर हैं।
2026 में अब तक की कार्रवाई
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर ने साल 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के तीन मामलों में 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में कुल मिलाकर 1,04,85,000 नकदी, लैपटॉप, मोबाइल, वाहन, बैंकिंग दस्तावेज सहित लगभग 1.92 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
साइटें भी चल रही हैं
ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए अन्ना रेड्डी, Stake.com, Dafabet, 1xBet, Parimatch, Bet365, BC.Game, Rajabets, 4rabet, Melbet, और Megapari जैसी साइटें और एप्स का उपयोग किया जा रहा है। वहीं, सट्टा मटका के लिए DPBOSS, Satta King, और केजे सट्टा किंग एप सक्रिय हैं। ये एप्स आइपीएल टूर्नामेंट में संचालित हैं।



