माकड़ी। माकड़ी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कांटा गांव में आयोजित प्रसिद्ध मावली देव मेले में उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना में लगभग 15 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे की है। मेले में उस समय बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के शहरी क्षेत्र के लोग मौजूद थे। अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ा और डंक मारना शुरू कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोग अपने हाथों से मधुमक्खियों को हटाने की कोशिश करते रहे, लेकिन तब तक वे उनकी चपेट में आ चुके थे। घटना के तुरंत बाद घायलों को उपचार के लिए कांटा गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को जरूरत पड़ने पर माकड़ी स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया जाएगा।
सूचना मिलते ही स्थानीय सरपंच मोती राम मरकाम अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में दुर्ग जिला के धमधा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रूहा और राजपुर में भी मधुमक्खियों के हमले की घटनाएं सामने आई थीं। खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर हुए इन हमलों में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि सात अन्य लोग घायल होकर अस्पताल में भर्ती कराए गए थे।
