खेल/मनोरंजन

रोमांचक मुकाबले में उज्जैन फाल्कन्स को 7 रन से हराया

Beat Ujjain Falcons by 7 runs in a thrilling match

इंदौर। चंबल घड़ियाल्स और उज्जैन फाल्कन्स के बीच सोमवार को मध्य प्रदेश लीग टी-20 सिंधिया कप 2026 के मुकाबले में हाई स्कोरिंग रोमांचक मैच देखने को मिला, जिसमें चंबल घड़ियाल्स ने अंतिम दो गेंदों पर संयम बरकरार रखते हुए सात रनों से जीत दर्ज कर ली। नईदुनिया इस एमपीएल 2026 का मीडिया पार्टनर है।

होलकर स्टेडियम में खेले गए मैच में चंबल घड़ियाल्स ने कप्तान शुभम शर्मा के अर्धशतक के साथ ही त्रिपुरेश सिंह, रोहित गुप्ता और अमन भदौरिया की उपयोगी पारियों की मदद से 20 ओवरों में सात विकेट पर 199 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में उज्जैन फाल्कन्स की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट पर 192 रन ही बना सकी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी चंबल घड़ियाल्स ने अंकुश सिंह (2) का विकेट सस्ते में गंवा दिया।

इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज अपूर्व द्विवेदी और कप्तान शुभम शर्मा ने टीम को संभालने का प्रयास किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की। द्विवेदी ने 19 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। गौतम रघुवंशी (11) बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। यहां से शुभम और त्रिपुरेश ने 48 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए पारी को संभाला। त्रिपुरेश ने 16 गेंदों पर तेजी से 30 रनों का योगदान दिया, जबकि शुभम 44 गेंदों पर 57 रन बनाकर आउट हुए।

पारी के अंत में रोहित गुप्ता और अमन भदौरिया ने कुछ ताबड़तोड़ शाट खेलते हुए टीम को 200 के स्कोर के करीब पहुंचाया। रोहित 17 गेंदों पर तीन छक्कों व चार चौकों से 41 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं भदौरिया ने पांच गेंदों पर 13 रन बनाए। उज्जैन फाल्कन्स के लिए माधव तिवारी ने चार ओवरों में 24 रन देकर दो विकेट लिए। हर्षवर्धन हार्डिया व गजेन्द्र गोस्वामी ने भी दो-दो विकेट लिए।

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी उज्जैन फाल्कन्स की टीम ने कप्तान चंचल राठौर को बिना खाता खोले गंवा दिया। यहां से यश दुबे और सोहम पटवर्धन ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 36 रन जोड़े। यश 18 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी कर चुके सोहम ने 28 गेंदों पर छह चौकों व एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 43 रनों का योगदान दिया। उज्जैन का कोई बल्लेबाज विकेट पर टिककर बड़ी पारी नहीं खेल सका और टीम लगातार अंतराल में विकेट गंवाती चली गई। दबाव बढ़ने के साथ उज्जैन 17वें ओवर में 158 रनों पर आठ विकेट गंवाकर संघर्ष कर रहा था। इसके बावजूद पुछल्ले बल्लेबाज टीम को ऐसी स्थिति में ले आए जहां अंतिम दो गेंदों पर जीत के लिए 10 रनों की जरूरत थी। घड़ियाल्स के अक्षय सिंह ने यहां धैर्य से गेंदबाजी करते हुए अंतिम दो गेंदों पर दो रन ही दिए और टीम को रोमांचक जीत दिला दी। आवेश खान ने 25 रन देकर तीन विकेट जबकि त्रिपुरेश सिंह ने दो विकेट लिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button