खेल/मनोरंजन

BCCI ने IPL 2026 के लिए नई गाईडलाइंस जारी की

BCCI issues new guidelines for IPL 2026

नई दिल्ली । IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले BCCI ने टीमों और खिलाड़ियों के लिए नई गाइडलाइंस (IPL New Rules) जारी की हैं। इन नियमों का उद्देश्य टूर्नामेंट को अधिक प्रोफेशनल बनाना और अनुशासन बनाए रखना है।
टीम बस से ही यात्रा अनिवार्य

नई गाइडलाइंस के तहत अब सभी खिलाड़ियों को स्टेडियम आने-जाने के लिए टीम बस का ही उपयोग करना होगा। निजी वाहनों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। हालांकि, टीमें जरूरत पड़ने पर दो अलग-अलग बैच में यात्रा कर सकती हैं।

खिलाड़ियों के परिवार और दोस्तों को अलग वाहनों से आना होगा और वे केवल हॉस्पिटैलिटी एरिया से ही मैच या प्रैक्टिस देख सकेंगे।
फैमिली और दोस्तों की एंट्री पर सख्ती

BCCI ने ड्रेसिंग रूम और फील्ड ऑफ प्ले पर परिवार और दोस्तों की एंट्री पर रोक लगा दी है। अब केवल अधिकृत स्टाफ को ही इन क्षेत्रों में जाने की अनुमति होगी। यह कदम टीम के फोकस और प्रोफेशनल माहौल को बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
प्रैक्टिस से जुड़े नए नियम लागू

मैच वाले दिन किसी भी तरह की प्रैक्टिस या फिटनेस टेस्ट की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, ओपन नेट्स पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

वानखेड़े स्टेडियम में टीमों को अलग-अलग प्रैक्टिस विकेट दिए जाएंगे और कोई भी टीम विरोधी टीम की पिच का उपयोग नहीं कर सकेगी। यदि एक टीम जल्दी प्रैक्टिस खत्म करती है, तब भी दूसरी टीम उस पिच का इस्तेमाल नहीं कर पाएगी।
मैच डे के लिए विशेष निर्देश

मैच के दिन प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) में प्रवेश के लिए मान्यता प्राप्त स्टाफ को अपना एक्रेडिटेशन लाना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर पहले चेतावनी और फिर जुर्माना लगाया जाएगा।

इसके अलावा खिलाड़ियों को ऑरेंज और पर्पल कैप शुरुआती दो ओवर तक पहनना जरूरी होगा। मैच के बाद प्रेजेंटेशन में फ्लॉपी या स्लीवलेस जर्सी पहनने की अनुमति नहीं होगी।
अन्य महत्वपूर्ण प्रतिबंध

LED नेट्स पर बल्लेबाजी की अनुमति नहीं दी गई है। साथ ही, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को LED बोर्ड के सामने बैठने से भी मना किया गया है। मैच के दिन केवल 12 एक्रेडिटेड सपोर्ट स्टाफ को ही अनुमति मिलेगी, जिसमें टीम डॉक्टर भी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button